2014 में केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद से भाजपा का राज देश के कई राज्यों में फैला और उसने कई जगह सरकारें बनाई। आज मोदी सरकार की 9वीं वर्षगांठ पर जानें इन नौ सालों में भाजपा की राजनीतिक सेहत कैसी रही….
New Delhi: ‘अब की बार मोदी सरकार’ के नारे के साथ 2014 में भाजपा आज ही के दिन केंद्र की सत्ता पर काबिज हुई थी। केंद्र में सरकार बनने के बाद भाजपा का देश के कई राज्यों में समराज्य फैला और उसने कई जगह सरकारें बनाई। पीएम मोदी के नेतृत्व में साल दर साल कमल खिलता गया और भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई।
30 साल बाद एक पार्टी को बहुमत
वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने आम चुनाव जीतकर बड़ा इतिहास रचा था। दरअसल, केंद्र की सत्ता पर 30 साल बाद कोई पार्टी बहुमत के साथ काबिज हुई थी। भाजपा को 282 सीटें मिली थी, जो 1984 में कांग्रेस को मिली 414 सीटों के बाद पहली बहुमत की सरकार थी।
2014 में कितने राज्यों में थी भाजपा
पीएम मोदी के पहली बार पीएम बनने के समय भाजपा की देश के सात राज्यों में सरकार थी। भाजपा का राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और गोवा में सीएम था।
वहीं, पार्टी पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और आंध्र प्रदेश में टीडीपी के साथ सत्ता की साझेदार थी।
2015 में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी ‘BJP’
देश में मोदी राज आते ही भाजपा के मानो अच्छे दिन शुरू हो गए। भाजपा तेजी से राज्यों में विस्तार करने लगी और इसका असर ये हुआ कि उसके कार्यकर्ताओं की संख्या में भी काफी इजाफा देखने को मिला।
यहां तक की 2015 में ‘क्वार्टज इंडिया’ डिजिटल पत्रिका के अनुसार भाजपा के दूसरे देशों में भी सदस्य बनने लगे और इसके कारण वो दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई। भाजपा के अब 9 करोड़ से ज्यादा सदस्य हैं।
2018 तक तीन सौ गुणा फैला राज्य
वर्ष 2018 आते आते भाजपा अपने गोल्डन पीरियड में आ चुकी थी। इस समय भाजपा की 21 राज्यों में खुद की या सहयोगियों के साथ सरकार थी।
2019 में भी मोदी मैजिक कायम
बहुमत के साथ पहली बार सरकार बनाने के बाद मोदी ने 2019 में भी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई। इस चुनाव में भाजपा को 303 सीटें मिली।
अब 14 राज्यों में बची सरकार
2019 के बाद भाजपा की कई राज्यों से सरकार चली गई। राजस्थान और छत्तीसगढ़ के साथ कई सहयोगी दलों के साथ बनी सरकारों से भी भाजपा को हाथ धोना पड़ा।
इसके बाद झारखंड से भी सरकार गई और अब मौजूदा समय में भाजपा की 14 राज्यों में खुद की या गठबंधन की सरकार है।
दक्षिण से सूपड़ा साफ
पश्चिम भारत की बात करें तो भाजपा की फिलहाल महाराष्ट्र, गुजरात में सरकार में है तो पूर्वी भारत में बिहार, बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भाजपा का सूपड़ा साफ है, यहां किसी राज्य में भाजपा सरकार नहीं बची है। वहीं, उत्तर भारत की बात करें तो भाजपा की हरियाणा, UP और उत्तराखंड में सरकार है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत में गोवा में भाजपा की सरकार है। दूसरी ओर कर्नाटक की सरकार जाने के बाद अब भाजपा का दक्षिण से सूपड़ा साफ हो गया है।