जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन हो गया। आज सुबह ही उन पर हमला हुआ था। हमले के वक्त आबे नारा शहर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
घटना का नया वीडियो आया सामने
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मारने का नया वीडियो सामने आया है। इसमें हमलावर आबे पर पीछे से गोली चलाता दिखता है। इसके बाद धुआं ही धुआं दिखाई देता है।
हमलावर ने कबूल की हत्या के प्रयास की बात
जापानी मीडिया के हवाले से सामने आई खबर के मुताबिक, शिंजो आबे पर हमले के आरोपी ने अपराध कबूल लिया है। उसने कहा है कि वह आबे की हत्या करना चाहता था। क्योंकि, वह उनसे असंतुष्ट था।
खराब होती जा रही आबे की हालत
जापानी मीडिया के हवाले से समाने आ रही खबरों के मुताबिक, शिंजो आबे की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। डॉक्टर उन्हें बचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, इसके बावजूद उनमें कोई सुधार नहीं दिख रहा है।
पीएम मोदी ने की स्वस्थ होने की कामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्वीट भी सामने आया है। उन्होंने शिंजो आबे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, मेरे प्यारे दोस्त शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हम सब की प्रार्थना उनके, उनके परिवार व जापान के लोगों के साथ हैं।
हमले को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता- फुमियो किशिदा
हमले के बाद जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, मैं इस हमले की निंदा करता हूं। इस हमले को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने आगे कहा, हम वह सब कुछ करेंगे जो हम कर सकते हैं। डॉक्टर उन्हें बचाने के लिए मेहनत कर रहे हैं।