- महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है।
- एआईसीसी मुख्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता जमा हो गए।
- राहुल गांधी ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर हमला बोला। राज्यसभा सांसद काला कुर्ता व पगड़ी पहनकर संसद पहुंचे।
- कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक प्रदर्शन कर रहे हैं।
- राहुल, प्रियंका दोनों गिरफ्तार किए गए।
दिल्ली में जुटे पार्टी के बड़े नेताओं ने मार्च निकाला। पुलिस ने रोका तो गिरफ्तारी दी। राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा समेत 64 बड़े नेता हिरासत में लिए गए। सभी नेताओं को न्यू पुलिस लाइन किंग्सवे कैंप थाने में रोक कर रखा गया है। प्रियंका वाड्रा भी एक्शन में नजर आई।
पहले उन्होंने बैरिकेट लांघा। इसके बाद पुलिस ने खींचकर गाड़ी में बैठाया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला किया।
उन्होंने कहा, उनके लिए मंहगाई नहीं है क्योंकि पीएम मोदी ने पूरे देश की संपत्ति अपने दोस्तों को दे दी है। 2-4 लोग रईस हो गए हैं, लेकिन आम जनता तरस रही है। उनको महंगाई इसलिए नहीं दिखती क्योंकि उनके पास पैसा ही पैसा है।
पीएम आवास जाकर दिखाना चाहते हैं महंगाई- प्रियंका गांधी
हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने सरकार पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार को लगता है कि विपक्ष में जो भी है उसको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि हम समझौता कर लेंगे। इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं।
पुलिस कर्मियों द्वारा वाटर कैनन इस्तेमाल किया गया
चंडीगढ़: महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस कर्मियों द्वारा वाटर कैनन इस्तेमाल किया गया।
किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन लाए गए कांग्रेस नेता
दिल्ली पुलिस हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं को किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन लेकर पहुंची है। यहां मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रंजीत रंजन सहित अन्य कांग्रेसी सांसदों को लाया गया है।