राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में रविवार को नजारा बिल्कुल जुदा रहा। दावा किया जा रहा है कि 7 लाख से अधिक संख्या में ब्राह्मण यह उपस्थित हुए। केसरिया साफा और पीले झंडों से पूरा इलाका अटा पड़ा था।
Jaipur: राजस्थान में इसी साल विधानसभा चुनाव हैं। इस चुनावी साल में अलग-अलग समाज अपनी ताकत दिखाने में जुटे हैं। बीते 5 मार्च को जयपुर में जाट महाकुंभ का आयोजन किया गया था। अब रविवार को ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन किया गया। विद्याधर नगर स्टेडियम में हुए इस ब्राह्मण महापंचायत में लाखों लोग शामिल हुए। दावा किया जा रहा है कि 7 लाख से अधिक संख्या में ब्राह्मण यह उपस्थित हुए। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, लोकसभा सांसद रामचरण बोहरा, चित्तौड़गढ सांसद सीपी जोशी शामिल हुए। इनके अलावा राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी समेत कई नेता इस महापंचायत में पहुंचे। आयोजकों ने आह्वान किया कि जो तादाद इस महासम्मेलन में उमड़ी है, यही लोग राजस्थान की सरकार का भविष्य तय करेंगे।
संतों के लिए अलग से बनाया गया मंच
इस ब्राह्मण महापंचायत में देशभर से संतों को आमंत्रित किया गया। संतों के लिए अलग से मंच बनाया गया। पुष्पवर्षा करके उनका स्वागत किया गया। महापंचायत में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत फूलों की बारिश करके किया गया। विद्याधर नगर स्टेडियम का पूरा प्रांगण और आसपास का इलाका केसरिया साफे और पीले रंग के झंडों से सराबोर नजर आया। स्टेडियम खचाखच भर गया था लेकिन बाहरी जिलों और राज्यों से आने वालों का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। वाहनों की भीड़ के चलते शहर में कई रास्तों में जाम की स्थिति बनी।
राजनैतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग
महापंचायत के जरिए ब्राह्मण समाज ने अपनी एकजुटता और ताकत दिखाई है। आयोजकों का कहना है कि राजस्थान ब्राह्मण समाज की आबादी 85 लाख से ज्यादा है। हालांकि, जनसंख्या के हिसाब से उन्हें राजनैतिक प्रतिनिधित्व का मौका किसी भी पार्टी ने नहीं दिया है। राजस्थान की 50 से अधिक विधानसभा सीटें ऐसी है जिन्हें ब्राह्मण वोटर प्रभावित करते हैं। इसके बावजूद भी ब्राह्मण समाज हाशिये पर है। इस शक्ति प्रदर्शन के जरिए राजनैतिक पार्टियों को अपनी ताकत का अहसास कराना है। जिससे आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान वे ब्राह्मण समाज को केवल वोट बैंक समझने की भूल नहीं करे और उचित प्रतिनिधित्व का अवसर दें।
ये सियासी दिग्गज हुए महापंचायत में शामिल
हालांक, यह महापंचायत ब्राह्मण समाज की एकता दिखाने के लिए आयोजित की गई। लेकिन इस महापंचायत में अलग-अलग राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया। इस महापंचायत में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, चित्तौड़गढ के सांसद सीपी जोशी, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता राजेन्द्र राठौड़ शामिल हुए। राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की पत्नी और पूर्व मंत्री गोलमा देवी, बीजेपी के संगठन मंत्री भजनलाल शर्मा, जयपुर सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व मंत्री रघु शर्मा भी इसमें पहुंचे। पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा, चौमूं से बीजेपी विधायक और प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा, कांग्रेस नेता अर्चना शर्मा, बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी सहित कई नेता मौजूद रहे। इस मौके पर भगवान परशुराम पर डाक टिकट जारी किया गया।
अश्विनी वैष्णव बोले- भगवान परशुराम पर डाक टिकट जारी होना आपकी एकता का प्रतीक
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जो एकता आपने दिखाई, इस एकता को ऐसा ही हमेशा बनाए रखना। आज ऐतिहासिक काम यह हुआ है कि भगवान परशुराम पर डाक टिकट जारी हुआ है, यह सब आप की एकता का परिणाम है।
हमारी यह एकता राष्ट्र के निर्माण में और अधर्म को दूर करने में लगेगी। आप लोग धर्म को धारण करने वाले हो, आप धर्म की रक्षा करने वाले हो। परशुरामजी ने भगवान शिव से विराट तपस्या के बाद धर्म की रक्षा के लिए फरसा प्राप्त किया था। सब में यही ऊर्जा और एकता रहनी चाहिए। मैं आपका भाई हूं। आप मुझे कभी सर मत बोलना। मुझे कभी अश्विनी जी मत बोलना, मुझे केवल अश्विनी भाई बोलना।
घनश्याम तिवाड़ी बोले- मंदिरों पर केवल हिंदुओं का अधिकार हो
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि ईडब्ल्यूएस आरक्षण में वह सारे लाभ मिलने चाहिए जो दूसरे आरक्षण में मिलते हैं। हमारे जितने भी सनातन धर्म के मंदिर और धर्म स्थान हैं, उन मंदिरों को सरकारी नियंत्रण में करने का अधिकार नहीं हो। जो हमारे मंदिर सरकारों के कंट्रोल में है,वे मंदिर समाज को वापस लौटाए जाएं। जिस प्रकार वक्फ बोर्ड है उसी तर्ज पर हिंदू रिलिजियस एक्ट होना चाहिए। मंदिरों पर केवल हिंदुओं का अधिकार होना चाहिए।
सांसद सीपी जोशी बोले- खुद के समाज की बुराई नहीं करें
चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने कहा कि कोई भी धर्म में अगर हमारी बहन-बेटी के साथ गलत बर्ताव करता है तो ब्राह्मण समाज को उठ खड़ा होना चाहिए। खुद के समाज के लोगों की आलोचना और उनकी टांग खींचना बंद करें। गरीब की बेटी की मदद करें।
बोहरा ने कहा- महापंचायत ने कम आंकने वालों को दिया जवाब
जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि विप्र समाज को पहले कम करके आंका जाता था। आज की इस महापंचायत ने उनको जवाब दे दिया। आर्थिक दृष्टि से ब्राह्मण भले ही पिछड़ा हो सकता है, लेकिन सांस्कृतिक रूप से उसने एकता का काम किया है।