मुंबई में 1000 करोड़ के स्टूडियो पर चला BMC का बुलडोजर, रामसेतु और आदिपुरुष जैसी बड़ी फिल्में यहां शूट हुईं

Date:

मुंबई: मुंबई के मढ इलाके में समुद्र किनारे बने अवैध स्टूडियो पर BMC ने शुक्रवार सुबह बुलडोजर चला दिया। इस मामले की शिकायत बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह अवैध स्टूडियो पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे और असलम शेख की शह पर बनाया गया था।

करीब 5 लाख वर्ग फीट में फैला यह हाईटेक स्टूडियो साल 2021 में बना था। इसे बनाने में करीब एक हजार करोड़ रुपए खर्च हुए थे। इसमें ‘रामसेतु’ और ‘आदिपुरुष’ जैसी कई बड़े बजट की फिल्मों की शूटिंग हुई। रामसेतु का बजट 150 करोड़ और आदिपुरुष का बजट 600 करोड़ बताया जाता है।

सोमैया का आरोप- आदित्य और असलम की शह पर बना था स्टूडियो
सुबह करीब 11 बजे भाजपा नेता किरीट सोमैया ने स्टूडियो का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि ठाकरे सरकार के भ्रष्टाचार के स्मारक को आज नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना यह स्टूडियो पूर्व मंत्रियों आदित्य ठाकरे और असलम शेख की शह पर बना था। इस निर्माण के खिलाफ हम दो साल से संघर्ष कर रहे थे।

क्या है पूरा मामला?
किरीट सोमैया ने मलाड में 49 अवैध स्टूडियो और 22 अवैध बंगलों को गिराने की बीएमसी से मांग की थी। हालांकि उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमैया का आरोप है कि तत्कालीन मंत्रियों और अफसरों ने इस मामले में आंखें मूंद रखी थीं। स्टूडियो बनाते समय नगर पालिका से भी परमिशन नहीं ली गई थी। इसके बाद स्टूडियो के आसपास भी अवैध तरीके से निर्माण किए गए।

ठाकरे का स्टूडियो माफिया
किरीट सोमैया ने कहा कि यह स्टूडियो ठाकरे सरकार के स्टूडियो माफिया का ही एक हिस्सा है। 2021 में इस स्टूडियो के साथ दर्जनों अन्य स्टूडियो बनाए गए थे। स्टूडियो माफिया के खिलाफ हम दो साल से कानूनी जंग लड़ रहे हैं। आखिरकार कोर्ट के आदेश से इसे तोड़ दिया गया। अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी।

ट्वीट कर दी थी जानकारी
स्टूडियो ढहाए जाने से पहले गुरुवार को किरीट सोमैया ने एक ट्वीट में कहा था कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने आज मढ में 1000 करोड़ के अनधिकृत स्टूडियो को तोड़ने का आदेश दिया। असलम शेख और आदित्य ठाकरे की कृपा से 2021 में दर्जनों अनधिकृत स्टूडियो बनाए गए। इसे लेकर हम कोर्ट गए।

रामसेतु और आदिपुरुष को लेकर हुए थे विवाद
अक्षय कुमार की फिल्म राम सेतु और प्रभास, सैफ अली खान और कृति सेनन स्टारर फिल्म आदिपुरुष को लेकर काफी विवाद हुए थे। सेतु को लेकर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा था- इसमें गलत तथ्य दिखाए जा रहे हैं। उन्होंने मेकर्स और अक्षय कुमार पर केस करने की बात कही थी। स्वामी ने कहा था- अक्षय कुमार विदेशी नागरिक हैं तो हम उनकी गिरफ्तारी और उन्हें देश से बेदखल करने के लिए कह सकते हैं।

वहीं, आदिपुरुष का टीजर रिलीज होते ही अलग-अलग कैरेक्टर्स का लुक देखने के बाद इसके बायकॉट की मांग शुरू हो गई थी। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने फिल्म और इसके कैरेक्टर्स को यह कहते हुए ट्रोल किया कि मूवी में तथ्यों को गलत तरीके से दिखाया गया है। सैफ अली खान के रावण वाले लुक को भाजपा, हिंदू महासभा और यूजर्स ने खिलजी से कम्पेयर कर दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

more like this
Related

hi_INहिन्दी