अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि कैलाश मेघवाल भाजपा के विधायक होते हुए भी सीएम अशोक गहलोत की तारीफ करते हैं। वे गहलोत को खुश करने में लगे हैं।
Jaipur: भाजपा विधायक कैलाश मेघवाल ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। इसके बाद से कांग्रेस भी अर्जुनराम मेघवाल पर हमलावर हो गई। इसे लेकर सीएम गहलोत ने भी अर्जुनराम के भ्रष्टाचार की जांच कराने की बात कही है।
गहलोत के इस बयान को लेकर बीकानेर से सांसद और कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने सीएम अशोक गहलोत पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब से मैंने रॉबर्ट वाड्रा का मुद्दा उठाया है कि तब से गहलोत मेरे पीछे पड़े हैं। गहलोत मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच कराने की बात कह रहे हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने अब तक जांच क्यों नहीं कराई?
मीडिया से बात करते हुए अर्जुनराम मेघवाल ने कैलाश मेघवाल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कैलाश मेघवाल भाजपा के विधायक होते हुए भी सीएम अशोक गहलोत की तारीफ करते हैं। वे गहलोत को खुश करने में लगे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव वे कांग्रेस से चुनाव लड़ना चाहते हैं, इसलिए वे मेरी आलोचना तो करेंगे ही।