नई दिल्ली: ट्रेजडी क्वीन मीना कुमारी इंडियन फिल्म इंडस्ट्री का जाना पहचाना नाम है। उन्होंने एक से बढ़कर एक यादगार किरदार निभाए। जिनके चलते वह अमर हो गईं। भले ही आज वह हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी फिल्मों के जरिए उनके होने का एहसास बना रहता है। फिल्मों में इमोशनल सीन करते वक्त वे इसमें जान फूंक देती थीं। ‘बैजू बावरा’, ‘पाकीजा’ और ‘साहेब बीवी और गुलाम’ जैसी कई फिल्मों में मीना कुमारी ने बेहद दुख-दर्द भरे किरदार निभाए। उन्होंने निजी जिंदगी में भी खूब दर्द झेला था। 1 अगस्त यानी आज मीना कुमारी की बर्थ एनिवर्सरी है। मीना कुमारी का जन्म साल 1933 में मुंबई में हुआ था। उनके जन्मदिन के मौके पर आज हम उन्हें याद करते हुए बात करेंगे उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें। तो चलिए शुरू करते हैं…
मीना कुमारी के पिता अली बख्श मुस्लिम और मां बंगाली क्रिश्चिन थीं। माता-पिता ने इनका नाम महजबीन रखा था। महजबीन यानि मीना कुमारी के पिता अपनी दूसरी औलाद बेटा चाहते थे, लेकिन उनका जन्म हो गया। जिससे उनके पिता बेहद दुखी थे। मीना के जन्म के बाद माता-पिता के पास डॉक्टर को देने के लिए पैसे नहीं थे, तो वह उनको किसी अनाथालय के बाहर छोड़ आए। लेकिन बाद में पिता का मन नहीं माना तो वह बच्ची को वापस गोद में उठा लाए।
घर की परस्थितियां ठीक न होने की वजह से मीना ने महज सात साल की उम्र से ही एक्टिंग शुरू कर दी थी। उनकी पहली फिल्म फरजाद-ए हिंद थी। इसके बाद उन्होंने अन्नपूर्णा, सनम, तमाशा लाल हवेली में भी काम किया। लेकिन उन्हें शोहरत की बुलंदियों तक पहुंचाया फिल्म बैजू बावरा ने। यह फिल्म साल 1952 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के बाद मीना सफलता की सीढ़ियां चढ़ती चली गईं।
मीना कुमारी की जोड़ी सबसे ज्यादा बॉलीवुड अभिनेता अशोक कुमार के साथ जमी। लोगों को दोनों के बीच की केमिस्ट्री खूब पसंद आती थी। दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया। उनकी अभिनय क्षमता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अपने फिल्मी करियर में उन्होंने चार बार फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम किए हैं।
मीना कुमारी ने अपने एक्टिंग करियर में कई सुपरहिट फिल्में दीं। 60 के दशक में उनके किस्मत चमकने लगी थी। इस दौरान वह दिल अपना प्रीत पराई, परिणिता, आजाद, कोहिनूर जैसी फिल्मों में नजर आईं। दर्शकों ने इन फिल्मों को खूब पसंद किया। इसके अलावा उन्होंने साहिब बीवी और गुलाम और फिल्म आरती में अपनी एक्टिंग के लिए खूब वाहवाही लूटी। अभिनेत्री ने 31 मार्च 1972 को दुनिया को अलविदा कह दिया था।