अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए राज्यपाल नियुक्त किए हैं। इनमें से सात के तबादले किए गए और छह को पहली बार नियुक्त किया गया।
नई दिल्ली: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए राज्यपाल नियुक्त किए हैं। इनमें से सात के तबादले किए गए और छह को पहली बार नियुक्त किया गया। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस एस. अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश, जबकि राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाया गया है। सभी नियुक्तियां संबंधित कार्यालयों का प्रभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत ङ्क्षसह कोश्यारी और लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्ण माथुर का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया है। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल बी.डी. मिश्रा लद्दाख के उपराज्यपाल बनाए हैं।
गौरतलब है कि छत्रपति शिवाजी और मराठी समाज के बारे में कोश्यारी के बयान को विपक्षी दलों ने मराठी समाज को अपमानित करने वाला बताया था। उसके बाद से इस तरह की खबरें आ रही थीं कोश्यारी से इस्तीफे के लिए कहा जा सकता है। जस्टिस एस. अब्दुल नजीर पिछले माह ही सुप्रीम कोर्ट जज के पद से रिटायर हुए हैं। वह राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद की सुनवाई करने वाले पांच जजों की पीठ और नोटबंदी पर फैसला सुनाने वाली पीठ का हिस्सा रह चुके हैं। जस्टिस नजीर पीठ के दूसरे सदस्य हैं, जिन्हें रिटायरमेंट के बाद सरकारी नियुक्ति मिली है। इससे पहले पूर्व सीजेआइ रंजन गोगोई को राज्यसभा सांसद बनाया जा चुका है। राजस्थान में भाजपा के कद्दावर नेता गुलाबचंद कटारिया को राज्यपाल बनाए जाने से पार्टी को राजस्थान विधानसभा में नया नेता प्रतिपक्ष चुनना होगा। कटारिया 2003 से उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वहमहत्त्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं। वह एक बार सांसद भी रह चुके हैं।