Home Politics Rajasthan: प्रदेश की 1 करोड़ 33 लाख महिलाओं को 10 अगस्त से...

Rajasthan: प्रदेश की 1 करोड़ 33 लाख महिलाओं को 10 अगस्त से मिलेंगे मुफ्त मोबाईल, जानिए स्मार्टफोन देने की पूरी प्रक्रिया क्या है?

राजस्थान की 1 करोड़ 33 लाख महिलाओं को मुफ्त स्मार्टफोन देने के लिए राज्य सरकार ने योजना शुरू की है। योजना के तहत, पहले चरण में 40 लाख महिलाओं को स्मार्टफोन दिए जाएँगे। इसके लिए महिलाओं की जनआधार कार्ड की जांच के बाद आवेदन करने होंगे। स्मार्टफोन खरीदने के लिए दी जाने वाली राशि से लाभार्थी महिलाएं अपनी पसंद के फोन खरीद सकेंगी।

जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पिछले साल की बजट घोषणा में प्रदेश की महिलाओं को मुफ्त स्मार्ट फोन देने का ऐलान किया था। कुल 1 करोड़ 33 लाख महिलाएं पिछले डेढ़ साल से स्मार्ट फोन का इंतजार कर रही हैं। अब यह इंतजार खत्म होने वाला है। राज्य सरकार 10 अगस्त से स्मार्ट फोन का वितरण करने जा रही है। पिछले दिनों महंगाई राहत कैंप में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कह चुके हैं कि स्मार्ट फोन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में महिलाओं को कैश पेमेंट किया जाएगा। इससे महिलाएं अपनी पसंद का स्मार्ट फोन खरीद सकेंगी। आइये जानते हैं स्मार्ट फोन मिलने या कैश जमा किए जाने की प्रक्रिया क्या है…

पहले चरण में सिर्फ 40 लाख महिलाओं को मिलेंगे स्मार्ट फोन
प्रदेश की कुल 1 करोड़ 33 लाख से ज्यादा महिलाओं को स्मार्ट फोन दिए जाने हैं। इस योजना के तहत जन आधार कार्ड के जरिए हर परिवार की महिला मुखिया को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। सरकार का कहना है कि चूंकि एक साथ इतने मोबाइल उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। ऐसे में पहले चरण में 40 लाख महिलाओं को स्मार्ट फोन देने के लिए चुना गया है। जिन परिवारों की बच्चियां 10वीं या 12वीं क्लास में पढ़ती हैं। या फिर उच्च शिक्षण के लिए कॉलेज या आईटीआई या पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही हैं। उन्हें पहले चरण में स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। साथ ही विधवा, एकल नारी और पेंशनधारी महिलाओं को भी पहले चरण में स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। साथ ही मनरेगा में 100 दिन का काम पूरा करने वाले और शहरी रोजगार गारंटी योजना में 50 दिन का काम पूरा करने वाले परिवारों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

स्मार्ट फोन के लिए मिलेगा फिक्स अमाउंट
महिलाओं को दिए जाने वाले स्मार्ट फोन के लिए राज्य सरकार लाभार्थियों के बैंक खातों में फिक्स अकाउंट जमा कराएगी। यह राशि 6800 रुपए होगी। 6,125 रुपए स्मार्ट फोन खरीदने के लिए और 675 रुपए डाटा रिचार्ज कराने के लिए दिए जाएंगे। पहली बार में सरकार 9 महीने का रिचार्ज कराएगी। यानी 75 रुपए प्रति महीने के हिसाब से 9 महीनों के 675 रुपए महिलाओं के बैंक खातों में जमा कराए जाएंगे। स्मार्ट फोन खरीदने के लिए दी जाने वाली राशि से लाभार्थी महिलाएं अपनी पसंद का स्मार्ट फोन खरीद सकेंगी। अगर कोई महंगाई मोबाइल खरीदना चाहती हैं तो उन्हें 6125 रुपए के ऊपर की राशि अपनी जेब से देनी होगी।

पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, फिर मिलेगी सिम और राशि
महिलाओं को स्मार्ट फोन लेने के लिए एक लम्बी प्रक्रिया से गुजरना होगा। सबसे पहले महिलाओं को अपने जन आधार कार्ड, आधार कार्ड, फोटो और अन्य दस्तावेजों की जांच करानी होगी। सभी डॉक्यूमेंट सही पाए जाने के बाद आपको आवेदन फार्म भरना होगा। इसके बाद सर्विस प्रोवाइडर कंपनी की सिम प्राप्त करने के लिए कंपनी के काउंटर पर जाना होगा। वहां से मन पसंद कंपनी की सिम लेनी होगी। बाद में स्मार्ट फोन का चयन करने के लिए मोबाइल डीलर के पास जाकर स्मार्ट फोन का चयन करना होगा। मन पसंद का स्मार्ट फोन खरीदने के बाद राज्य सरकार द्वारा लाभार्थी के अकाउंट में 6800 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। दस्तावेजों की जांच, सिम और स्मार्ट फोन के लिए आपके क्षेत्र में काउंटर खोले जाएंगे। इन काउंटर पर जाकर पूरी प्रक्रिया से गुजरने के बाद स्मार्ट फोन लिए जा सकेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

English
मोबाइल संस्करण से बाहर निकलें