Home Politics Rajasthan: नगरीय निकायों तथा पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों पर उपचुनाव...

Rajasthan: नगरीय निकायों तथा पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित

जयपुर: राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों तथा पंचायती राज संस्थाओं में 31 जनवरी 2023 तक विभिन्न कारणों से रिक्त हुए पदों पर उपचुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा की है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव चित्रा गुप्ता ने बताया कि राज्य में 12 जिलों में नगरीय निकायों के कुल 14 सदस्यों के रिक्त पदों के लिए कार्यक्रम की घोषणा की गई है। इसी प्रकार जिला परिषद के 4 सदस्यों, पंचायत समिति के 24 सदस्यों, सरपंच के 48 पदों, उपसरपंच के 57 पदों एवं पंच के 471 पदों पर भी उपचुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा की गई है। उन्होंने बताया कि उपचुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है।

गुप्ता ने बताया कि नगरीय निकाय सदस्यों के उपचुनाव के लिए 21 अप्रेल 2023 को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्रों को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 25 अप्रेल 2023 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। इसी प्रकार 26 अप्रेल 2023 को प्रातः 10.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी तथा 28 अप्रेल 2023 को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थी नाम वापस ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 29 अप्रेल 2023 को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 मई 2023 को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद 8 मई 2023 को प्रातः 9 बजे से मतगणना की जाएगी।

इसी प्रकार जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्यों के रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए 17 अप्रेल 2023 को अधिसूचना जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 25 अप्रेल 2023 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। इसी प्रकार 26 अप्रेल 2023 को प्रातः 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी तथा 27 अप्रेल 2023 को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थी नाम वापसी ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 27 अप्रेल 2023 को ही नाम वापसी के पश्चात् चुनाव चिह्नों का आवंटन तथा अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 मई 2023 को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा तथा 9 मई 2023 को प्रातः 9 बजे से मतगणना की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सरपंच एवं पंचों के उपचुनाव के लिए 17 अप्रेल 2023 को जिला निर्वाचन अधिकारी लोकसूचना जारी करेंगे। 30 अप्रेल 2023 को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 1 मई 2023 को प्रातः 10 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि 1 मई 2023 को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया की जाएगी तथा इसके बाद चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 7 मई 2023 को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया जारी रहेगी तथा मतदान समाप्ति के बाद पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी।

इसी प्रकार उपसरपंच चुनाव के लिए 8 मई 2023 को प्रातः 9 बजे से पूर्व बैठक के लिए नोटिस कर 10 बजे से बैठक प्रारंभ की जाएगी। इसी दिन प्रातः 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों (प्रस्तावों) का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। 11.30 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 11.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी और चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवश्यक होने पर दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक मतदान होगा तथा इसके पश्चात् मतगणना और परिणाम की घोषणा की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

English
मोबाइल संस्करण से बाहर निकलें