Home National G20: डिनर में राजस्थान-छत्तीसगढ़ के CM नहीं आएंगे:एयर रिस्ट्रिक्शन का हवाला दिया;...

G20: डिनर में राजस्थान-छत्तीसगढ़ के CM नहीं आएंगे:एयर रिस्ट्रिक्शन का हवाला दिया; गृह मंत्रालय ने कहा- स्टेट एयरक्राफ्ट्स पर रोक नहीं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ​​​​​G20 में आए मेहमानों के लिए भारत मंडपम में 9 सितंबर को डिनर होस्ट किया है। इस डिनर पार्टी के लिए 170 मेहमानों को न्योता भेजा गया है।

New Delhi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज ​​​​​G20 में आए मेहमानों के लिए डिनर होस्ट किया है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नहीं बुलाया गया है। इस बीच कांग्रेस शासित राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों ने भी डिनर में शामिल होने से इनकार कर दिया है।

राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कहा- गृह मंत्रालय ने उनके हेलिकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं दी है, इसलिए वे G20 डिनर प्रोग्राम में शामिल नहीं होंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल ने बताया कि ​​​​​G20 समिट को लेकर दिल्ली और आसपास हवाई यात्रा पर बंदिशों की वजह से वे नहीं आ पाएंगे।

गृह मंत्रालय ने इन आरोपों का खंडन किया है। गृह मंत्रालय ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर सफाई देते हुए बताया- फ्लाइट परमिशन के लिए हमें चार रिक्वेस्ट मिले थे। हमने सभी अप्रूव कर दिए थे।

गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के CM के आरोपों पर कहा- दिल्ली में ​​​​​G20 की मीटिंग को लेकर 8 से 11 सितंबर तक कड़ी हवाई सुरक्षा है। राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों को अपने राज्य के विमान से यात्रा की अनुमति है। प्राइवेट चार्टर्ड विमान के लिए गृह मंत्रालय से विशेष अनुमति लेनी होगी।

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की नाराजगी के बीच आया फैसला कांग्रेस के दोनों मुख्यमंत्रियों का ​​​​​G20 डिनर में न जाने का फैसला ऐसे वक्त में सामने आया है, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को डिनर पार्टी में नहीं बुलाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व नाराज हैं। राहुल गांधी ने 8 सितंबर को ब्रुसेल्स में केंद्र के इस फैसले की आलोचना की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने मल्लिकार्जुन खड़गे को डिनर में आमंत्रित नहीं करने पर कहा- यह केवल वहीं हो सकता है जहां कोई लोकतंत्र नहीं है। अभी ऐसी स्थिति नहीं है, जहां लोकतंत्र और विपक्ष का अस्तित्व खत्म हो जाए। इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को डिनर में ना बुलाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विपक्ष की असहमति का सम्मान किया जाना चाहिए।

डिनर पार्टी में 170 मेहमानों को न्योता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की डिनर पार्टी में दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्षों, डेलीगेट्स, भारत के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय और राज्य मंत्री सहित 170 लोगों को आमंत्रित किया गया है। यह डिनर पार्टी भारत मंडपम के एक हॉल में होगी।

इस डिनर पार्टी में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ , उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इनके अलावा पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा भी शामिल होंगे।

मोदी कैबिनेट के मंत्रियों में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, नरेंद्र सिंह तोमर, एस जयशंकर, अर्जुन मुंडा, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान और प्रह्लाद जोशी को भी आमंत्रित किया गया है

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

हिन्दी
Exit mobile version